आगरा: राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन के आगरा स्थित आवास पर करणी सेना के लोगों ने तोड़फोड़ की। इस दौरान वे अपने साथ बुलडोजर भी लाए थे और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया।

हालांकि पुलिस ने बुलडोजर को आवास के बाहर ही रोकने की कोशिश की, लेकिन कुछ करणी सेना के कार्यकर्ता जबरदस्ती घर में घुस गए और वहां मौजूद वाहनों के शीशों को तोड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने आवास के अंदर भी तोड़फोड़ की।

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने और तोड़फोड़ कर रहे लोगों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज का सहारा लिया। इस झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।

बुधवार को करणी सेना के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य एत्मादपुर के कुबेरपुर में एकत्रित हुए। दोपहर करीब 12:15 बजे, वे बुलडोजर पर सवार होकर आगरा में राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन के आवास की ओर रवाना हुए। आगरा-दिल्ली हाईवे पर पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन करणी सेना के काफिले की संख्या अधिक होने के कारण वे नहीं रुके। पुलिस ने कई स्थानों पर बैरियर लगाकर भी उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन यह प्रयास भी विफल रहा।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर में ही मौजूद थे, जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दरियानाथ मंदिर में एक कार्यक्रम में शामिल थे, और इसी दौरान करणी सेना के सदस्यों ने इस घटना को अंजाम दिया।